झूंसी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पैसे के लेन देन के विवाद में युवक की हत्या, 4 गिरफ्तार
झूंसी हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, पैसे के लेन देन के विवाद में युवक की हत्या, 4 गिरफ्तार
प्रयागराज, झूंसी। प्रयागराज के झूंसी थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी के दो चैला (फट्टे) भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार रात शराब पीने के बाद जुआ खेलने के दौरान 400 रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। मुख्य आरोपी मुन्ना लाल उर्फ मुनमुन ने अपने साथियों के साथ मिलकर 22 वर्षीय कुलदीप बिंद की लकड़ी के फट्टे से सिर पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर से बाहर ले जाकर फेंक दिया गया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।
सोमवार सुबह मृतक के पिता राममूरत बिंद की तहरीर पर झूंसी थाना में मुकदमा दर्ज किया गया। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और विशेष टीमें गठित की गईं।
मंगलवार को पुलिस ने रेलवे अंडरपास के नीचे से चारों नामजद अभियुक्तों—मुन्ना लाल उर्फ मुनमुन (29), पप्पू बिंद (45), देसी बिंद (40) व बबनी देवी (65) निवासी दौलतपुर बजहां—को गिरफ्तार कर लिया।
एसीपी विमल किशोर मिश्रा के निर्देशन और थाना प्रभारी महेश मिश्र के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में आलाकत्ल लकड़ी का चैला बरामद किया गया। थाना प्रभारी महेश मिश्र ने बताया कि साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई। सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक कमलेश पटेल, जनमेजय कुमार, हरिशंकर मिश्रा, अखिल ओझा, पुनीत कुमार चौबे, आदित्य भाटी, हेड कांस्टेबल मनीष सिंह एवं महिला कांस्टेबल पूजा शामिल रहीं।
admin